चिटाही में रामराज मंदिर के वार्षिकोत्सव सह श्रीराम महायज्ञ शुरू
भव्य कलश व शोभायात्रा से पूरा बाघमारा हुआ राममय
डीजे न्यूज, कतरास, धनबाद : बाघमारा प्रखंड के चिटाहीधाम स्थित रामराज मंदिर के वार्षिकोत्सव सह श्रीराम महायज्ञ के नाै दिवसीय कार्यक्रम की शुरूआत मंगलवार सुबह कलश यात्रा और शोभा यात्रा के साथ हुई। यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। दामोदर नदी के तेलमोच्चो घाट से यात्रा निकली, जो लगभग 14 किमी की दूरी पैदल तय कर चिटाही स्थित रामराज मंदिर पहुंची। यात्रा में देशभर के नामी-गिरामी बैंड पार्टियां, हाथी, घोड़ा, ऊंट आदि शामिल थे। पश्चिम बंगाल व झारखंड के कलाकारों की अलग-अलग टोली कला का प्रदर्शन कर रहे थे। तस्वीरों में देखिए कलश यात्रा की झलक।
==पत्नी संग सांसद ढुलू व विधायक शत्रुघ्न ने उठाया जल: दामोदर नदी के तेलमोच्चो घाट पर विधि विधान के साथ सांसद ढुलू महतो व उनकी पत्नी सावित्री देवी, विधायक शत्रुघ्न महतो व उनकी पत्नी डोली देवी ने कलश में जल भरा। जल लेकर सभी पैदल ही चिटाहीधाम के लिए निकल पड़े। उनके पीछे-पीछे हजारों की संख्या में श्रद्धालु कलश लेकर चल रहे थे।
जल लेकर सभी श्रद्धालु चिटाहीधाम पहुंचे और कलश स्थापित किया। सांसद ढुलू महतो, विधायक शत्रुघ्न महतो, राम महतो, लक्ष्मण महतो, भरत महतो सपत्नीक सहित ग्यारह यजमान यज्ञ में बैठे है। अयोध्या के आचार्य राजेंद्र पांडेय व बनारस के आचार्य की पंद्रह सदस्यीय टीम की देखरेख में महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ की देखरेख मे खुशवंत देवा, गोपाल कुमार, प्रशांत कुमार, निशांत, श्रीकांत, सूरज सहित अन्य लोग अहम भूमिका निभा रहे है।
==विहंगम दृश्य: तेलमोच्चो से चिटाहीधाम तक विहंगम दृश्य दिखा। पीले वस्त्र में महिलाएं व युवतियां सिर पर कलश लेकर चल रही थी। जहां तक नजर जा रही थी वहां तक सिर्फ शोभा यात्रा का ही नजारा दिख रहा था। महिला व युवतियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
== ऊंट-घोड़े आकर्षण का केंद्र: शोभा यात्रा में शामिल ऊंट-घोड़े आकर्षण का केंद्र रहा। उसमें सवार श्रद्धालु हाथ में धर्मध्वज लहरा रहे थे। झांकी में कोई शिव-पार्वती, राम-सीता, लखन, हनुमान सहित अन्य देवी देवता के रूप धारण किए हुए थे। घोड़ा एवं ऊंट की टोली को देखकर रामभक्त काफी उत्साहित नजर आ रहे थे । ढोल के थाप से पूरा क्षेत्र गूंजता होता रहा। कलश यात्रा इतना विशाल था कि एक छोर चिटाही तो दूसरा छोर दामोदर नदी के तट पर नजर आ रहा था।
==जगह-जगह रामभक्त तैनात: कलश यात्रा को सफल बनाने के लिए जगह-जगह रामभक्त तैनात थे। श्रद्धालुओं के लिये जगह जगह शरबत, पानी, फल की व्यवस्था की ग ई थी। विधि व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस तैनात थी। जय श्रीराम के नारे से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा है।
==राजनीतिक हस्तियों का जुटान: कलश यात्रा में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, बडकागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, सिंदरी के पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो की पत्नी तारा देवी, गोमिया विधायक लंबोदर महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, स्वर्गीय समरेश की बहू परिंदा सिंह आदि शामिल थे।